बस्ती। कोषागार से पेंशन पाने वाले सभी पेंशनरों को नवंबर में जीवित प्रमाण पत्र जमा करने की जरूरत नहीं है। वर्ष 2026 में कुल 16,247 पेंशनरों के सापेक्ष केवल 11,647 पेंशनरों को ही प्रमाण पत्र जमा करना है। मुख्य कोषाधिकारी अशोक कुमार प्रजापति ने बताया कि नवंबर में जिन पेंशनरों की देयता बन रही है, वे ही कोषागार आएं। इससे पहचान कर प्रमाण पत्र जमा करने की प्रक्रिया सुचारु रूप से पूरी की जा सकेगी।
उन्होंने बताया कि अन्य पेंशनर अपने पूर्व निर्धारित माह के अनुसार वर्ष के दूसरे महीनों में भी जीवित प्रमाण पत्र जमा कर सकते हैं। प्रमाण पत्र जमा करने का महीना जानने के लिए पेंशनर https://koshvani.up.nic.in पर जाकर पेंशनर्स कॉर्नर में पेंशन पेमेंट डिटेल पर क्लिक करें। इसके बाद कोषागार का चयन कर बैंक खाता नंबर और कैप्चा भरने पर जानकारी मिल जाएगी।
इनसेट
मोबाइल से घर बैठे जमा करें प्रमाण पत्र
पेंशनर स्मार्टफोन के जरिये भी जीवित प्रमाण पत्र ऑनलाइन जमा कर सकते हैं। इसके लिए प्ले स्टोर से पहले Aadhaar Face RD और फिर Jeevan Pramaan एप इंस्टॉल करना होगा। एप पर निर्धारित प्रक्रिया पूरी कर प्रमाण पत्र भेजा जा सकता है। इससे पेंशनरों को बार-बार कोषागार आने की जरूरत नहीं पड़ेगी और वे घर बैठे इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।