काली पट्टी बांध शिक्षकों ने किया प्रदर्शन
मांगों के समर्थन में शिक्षकों का दो दिवसीय कार्य बहिष्कार
अमर उजाला ब्यूरो
गौर। केंद्र व प्रदेश सरकार की नीतियों से नाराज विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय शिक्षक संघ ने अपनी विभिन्न मांगें पूरी कराने के लिए सोमवार से काली पट्टी बांध कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया। दो दिवसीय कार्य बहिष्कार के पहले दिन महाविद्यालय जनपदीय शिक्षक संघ के महामंत्री डॉ. संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में पं. महादेव शुक्ल कृषक पीजी कॉलेज गौर के अध्यापकों ने काली पट्टी बांधकर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
महामंत्री डॉ. संतोष कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार महाविद्यालय के शिक्षकों के मांगों के प्रति उदासीन है। जिसका खामियाजा शिक्षक भुगत रहे हैं। कहा कि पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने, मानदेय शिक्षकों को स्थायी करने, स्ववित्त पोषित शिक्षकों को समान कार्य का समान वेतन दिए जाने, यूजीसी रेगुलेशन 2018 के अनुसार सातवें वेतनमान की सिफारिशें लागू करने तथा सेवानिवृत्त की आयु 65 वर्ष करने की मांग शिक्षक कर रहे हैं। शिक्षक मांगों के समर्थन में दो दिन तक कार्य बहिष्कार करेंगे। इस मौके पर प्राचार्य डॉ. अरविंद प्रबोध मिश्र, डॉ. राजेश कुमार तिवारी, भारत गौतम, ललित कुमार गोयल आदि मौजूद रहे।