सरयू की कटान तेज, दहशत में ग्रामीण
खतरे के निशान से 13 सेमी ऊपर बह रही नदी
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती/दुबौलिया। सरयू नदी एक बार फिर उफान पर है। जिले में नदी खतरे के निशान से 13 सेमी. ऊपर बह रही है। इससे कटरिया-चांदपुर तटबंध के किनारे बसे लोग भयभीत हैं।
नदी का जलस्तर बढ़ने के साथ कटरिया-चांदपुर तटबंध पर कटान शुरू हो गया है। लगातार बोरियों का बेस बैठ रहा है। शनिवार सुबह करीब 10 बजे खलवा गांव के पास कटान जारी था। शुक्रवार की रात तटबंध में कटान नहीं होने से अधिकारियों से लेकर ग्रामीणों तक ने राहत की सांस ली थी। शनिवार दोपहर से फिर कटान शुरू हो गया है। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे बाढ़ खंड के अधिशासी अभियंता और एसडीओ जितेंद्र कुमार मरम्मत कार्यों का जायजा लेने पहुंचे। तभी अचानक खलवां गांव के पास बंधे का बेस करीब 20 मीटर बैठ गया। मौके पर कार्य कर रहे मजदूरों को वहां मरम्मत के लिए लगाया गया। दिलासपुर और नाऊपुरवा के पास नदी तेजी से कटान कर बांध की तरफ बढ़ रही है। पारा गांव के पास बने स्परों की दशा भी दिनोंदिन खराब होती जा रही है। तटबंध पर नदी के दबाव का यह सिलसिला लगभग एक माह से है जिससे तटवर्ती गांवों के लोग सहमे हुए हैं। नाऊ का पुरवा, दिलासपुरा के अलावा टकटकवा, बरदिया लोहार, पैठिया आदि गांवों के निकट सरयू नदी तेजी से कटान कर रही है। राम निरंजन, त्रिभुवन, लीलावती, बोधना आदि का कहना है कि उनकी जमीन नदी में मिलती जा रही है। इससे खेती प्रभावित हो रही है। उन्होंने चिंता जताई कि कहीं वह सरयू की कटान से वह भूमिहीन न हो जाएं।