पानी से भरी बाल्टी में डूबा बच्चा, मौत
- फोटो : अमर उजाला
हर्रैया। रमवापुर गांव में बृहस्पतिवार शाम खेलने के दौरान पानी की टंकी में डूबने से दो साल के बच्चे की मौत हो गई। हादसे के वक्त बच्चे के मां-बाप खेत में काम पर गए हुए थे। रमवापुर निवासी बाबूराम यादव पत्नी व बच्चों संग रहकर खेती किसानी करते हैं। छह वर्ष की पुत्री अंशिका, तीन वर्ष का पुत्र अंश व दो वर्ष का छोटा बेटा अंशू परिवार में हैं। बृहस्पतिवार शाम करीब छह बजे बेटी अंशिका दोनों भाइयों को संभालने के लिए घर गई थी जबकि मां-बाप खेत में थे। दो वर्षीय अंशू खेलते-खेलते घर के सामने बने काली प्रसाद के पंपिंग सेट के पास पानी की टंकी में गिर गया। किसी का भी ध्यान टंकी में गिरे मासूम की तरफ नहीं गया। कुछ देर बाद पड़ोस का छोटा बच्चा टंकी के पास गया तो अंशू को उतराते देख वहीं खेल रही बहन को इसकी जानकारी दी। आसपास मौजूद महिलाओं ने अचेत अंशू को पानी की टंकी से निकाल कर घटना की जानकारी मां-बाप को दी। आनन-फानन में उसे सीएचसी हर्रैया ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत से घर में कोहराम मच गया।