परशुरामपुर (बस्ती)। स्टेट बैंक शाखा परशुरामपुर के एक खाताधारक के एकाउंट से पांच लाख 20 हजार रुपये निकल गए। खाता धारकों को जानकारी तब हुई जब रकम लेने बैंक पहुंचा।
परशुरामपुर पुलिस को दी गई तहरीर के मुुताबिक थाना क्षेत्र के ही राजवापुर निवासी ताज मोहम्मद पुत्र यूसुफ शनिवार को रकम निकालने बैंक में पहुंचे। बेटी के विवाह के पांच लाख रुपये के भुगतान के लिए काउंटर पर पर्ची लगाने पर बैंक कर्मी ने कहा कि खाते में सिर्फ 60 हजार रुपये ही हैं। रकम कब और कैसे निकली इसकी जानकारी ताज मोहम्मद को नहीं है। हेराफेरी की लिखित सूचना परशुरामपुर पुलिस व बैंक शाखा प्रवंधक को देकर मदद की गुहार की है। एसबीआई के परशुरामपुर शाखा प्रबंधक विजय कुमार सोनी का इसं संदर्भ में कहना है कि शनिवार को ही खाताधारक ने सूचना दी। संबंधित लेनदेन के जरूरी कागजात खाताधारक ताज मोहम्मद को उपलब्ध करा दिया है। जबकि थानाध्यक्ष रवि राय का कहना है कि तहरीर मिली है जिसमें मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस छानबीन करेगी।