भानपुर (बस्ती)। बस्ती-डुमरियागंज मार्ग के भानपुर पड़ाव पर बृहस्पतिवार दोपहर बाइक से घर जा रहे 45 वर्षीय शिक्षक भूपति चौबे की बाइक मिनी ट्रक के चपेट में आ गई। सीएचसी से जिला अस्पताल और बाद में लखनऊ रेफर कर दिए गए।
उमरभरिया निवासी भूपति चौबे सिद्धार्थनगर जिले के प्राथमिक विद्यालय सेमड़ा में शिक्षक के पद पर तैनात है। दोपहर बाद करीब 3.15 बजे तहसील से अपना काम निपटाकर वापस बाइक से घर जा रहे थे। उसी समय पड़ाव पर सड़क किनारे खड़ी एक लग्जरी कार में बैठे व्यक्ति ने अचानक गाड़ी का दरवाजा खोल दिया, जिससे वे टकराकर बीच सड़क में गिर गए। उसी समय डुमरियागंज से बस्ती की ओर जा रहे मिनी ट्रक के चपेट मे आ गये। इससे उनके सिर व मुंह मे गंभीर चोटे आयी हैं। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से सीएचसी पहुंचाया। परिवार वालों को भी हादसे की जानकारी दी गई। परिवार के लोग जिला अस्पताल ले गए जहां हालत गंभीर देखकर डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया।
पड़ाव पर घटना होते ही लंबा जाम लग गया मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष ओम प्रकाश यादव ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर जाम खुलवाया। सभी वाहनों को कब्जे में ले लिया ।