वाल्टरगंज (बस्ती)। सल्टौआ ब्लॉक के परसोहिया पांडेय गांव में उल्टी से 65 वर्षीय बुजुर्ग पदारथ की मौत हो गई। देर रात जैसे ही उन्हें उल्टी शुरू हुई परिवार के लोग पीएचसी पर पहुंचाए, मगर रास्तेे में ही पदारथ ने दम तोड़ दिया। अस्पताल पर चिकित्सक ने मृत घोषित किया, बावजूद इसके पदारथ को जहां चिकित्सक ने रेफर कर दिया वहीं वार्ड ब्वाय ने शव को इंजेक्शन लगाया। हालांकि परिवार के लोग वहीं से शव को घर ले कर चले गए, मगर चिकित्सक व वार्ड ब्वाय के इस कृत्य को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।
उक्त गांव में रात लगभग एक बजे गांव के 65 वर्षीय पदारथ को उल्टी शुरू हो गई। परिवार के लोग पहले गांव के चिकित्सक से इलाज कराना शुरू किया, मगर सुबह होते होते पदारथ की स्थिति गंभीर हो गई। परिवार के लोग पीएचसी पर पहुंचाए जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित किया। मृतक के पुत्र रामफल का आरोप है कि पिता की मौत होने के बाद भी चिकित्सक ने रेफर कर दिया यही नहीं वार्ड ब्वाय ने इंजेक्शन भी लगाया। एंबुलेंस के ईएमटी गजेंद्र ने बताया कि प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. रविंद्र वर्मा ने एंबुलेंस में ही मृत घोषित कर दिया था, मगर परियोजना से रेफर की सूचना मिली। चूंकि मौत की जानकारी हमें हो गई थी। ऐसे में शव को लेकर एंबुलेंस नहीं गया।