बस्ती। शहर में दुर्गापूजा देखने वालों की भीड़ बढ़ गई है। शांति और सुरक्षा के लिए जहां फोर्स तैनात कर दी गई है, वहीं यातायात में भी परिवर्तन किया गया है। यातायात परिवर्तन विसर्जन तक यानी 24 अक्तूबर तक प्रभावी रहेगा। सर्वाधिक भीड़ इन दिनों गांधीनगर में होती है। ऐसे में गांधीनगर होकर किसी भी प्रकार के वाहनों को नहीं जाने दिया जाएगा।
रविवार को पुलिस लाइंस में एसपी दिलीप कुमार ने दुर्गापूजन और प्रतिमा विसर्जन को देखते हुए रूट डायवर्जन और सुरक्षा व्यवस्था का खाका खींचा। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक पंकज के अलावा सीओ व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
चार दिन लागू रहेगा डायवर्जन
- मालवीय मार्ग चौराहे से कंपनी बाग की ओर दो पहिया और चार पहिया वाहन को रोका जाएगा। - बडे़वन से सभी बडे़ वाहनों को रोककर फोरलेन की तरफ से निकाला जाएगा।
- कांटे से बस्ती की ओर आने वाले सभी भारी वाहनों के साथ रोडवेज बसों को रोका जाएगा। सिर्फ बस्ती डिपो की बसों को अंदर आने की अनुमति होगी।
- दक्षिण दरवाजा से करुआ बाबा के मध्य दो पहिया वाहनों को छोड़कर सभी बड़े व चार पहिया वाहनों को रोका जाएगा।
- रेलवे स्टेशन से सभी बड़े वाहनों को शहर में आने से रोका जाएगा।
- पांडेय बाजार चौराहे से रेलवे क्रासिंग से शहर के तरफ आने वाले समस्त वाहनों को रोक दिया जाएगा।