सवा दो किमी का होगा जॉगिंग-वाकिंग ट्रैक
बस्ती। क्षेत्रीय औद्यानिक प्रयोग एवं प्रशिक्षण संस्थान परिसर में सवा दो किमी लंबा वाकिंग-जॉगिंग ट्रैक बनाया जाएगा। सोमवार को डीएम की संस्तुति पर लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता ने तीन घंटे के भीतर संस्थान के परिसर में सर्वे करने के बाद ट्रैक के लिए उपलब्ध एरिया सर्वे करके यह रिपोर्ट दे दी है। डीएम डॉ. राजशेखर ने बताया कि इसका मैप तैयार कर लिया गया है।
प्रस्तावित नक्शे के हिसाब से डीएम आवास के सामने औद्यानिक संस्थान की भीतरी चारदीवारी से सटे हुए ओ के आकार में ट्रैक तैयार किया जाएगा। इसके लिए किसान पीजी कॉलेज, जिला उद्यान कार्यालय के पीछे होते हुए सिविल लाइंस राणा प्रताप तिराहे के सामने होते हुए क्षेत्रीय संयुक्त निदेशक कार्यालय के सामने तक एरिया चिह्नित किया गया है। इस तरह से 2.20 किमी यानी 22 सौ मीटर का रिंग राउंड ट्रैक के लिए उपलब्ध होगा। 12 एकड़ में फैले परिसर को ईको पार्क की तरह विकसित किया जाएगा। हालांकि, पहले से ही परिसर फलदार वृक्षों से आच्छादित है, फिर भी उसमें औषधीय पौधों का पार्क बनाया जाएगा। जिसमें तमाम हर्बल पौधों के अलावा मसालों का भी मिश्रण होगा। ऑक्सीजोन में फलदार, छायादार और अधिक मात्रा में ऑक्सीजन उत्सर्जित करने वाले विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगवाए जाएंगे, जिससे लोग प्रकृति के सानिध्य का एहसास कर सकें। ट्रैक का ब्लूप्रिंट तैयार करने के लिए गठित कमेटी तय करेगी कि ट्रैक को किस आकार में विकसित किया जाए। सीडीओ अरविंद पांडेय की अध्यक्षता वाली इस कमेटी में संयुक्त निदेशक बागवानी (संस्थान), अधिशाषी अभियंता पीडब्ल्यूडी सीडी-1और जिला क्रीड़ाधिकारी शामिल हैं। 10 अक्टूबर तक डीएम को रिपोर्ट प्रस्तुत करनी है।