बस्ती। मंडल के तीनों जिलों में हवाई कनेक्टिविटी और आपातकालीन सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए 14.44 करोड़ रुपये से 11 स्थायी हेलीपैड और उनके पहुंच मार्ग बनाए जाएंगे। शासन से बजट स्वीकृत होने के बाद लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। हालांकि, बस्ती जिले की भानपुर तहसील में जमीन उपलब्ध नहीं होने से यहां प्रस्तावित निर्माण अटक गया है। इसके लिए जिला प्रशासन से भूमि उपलब्ध कराने को पत्राचार किया गया है।
योजना के तहत संतकबीरनगर जिले में सबसे अधिक छह हेलीपैड बनाए जाएंगे। इनमें खलीलाबाद पुलिस लाइन में 2.01 करोड़ रुपये, मेहदावल स्थित जगत गुरु शंकराचार्य इंटर कॉलेज में 1.07 करोड़, बौरव्यास गांव में 1.03 करोड़, सिंहटीकर के खेल मैदान में 1.01 करोड़, मगहर कबीर चौरा में 87.38 लाख और चंगेरा-मंगेरा के खेल मैदान में 1.47 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
सिद्धार्थनगर जिले में चार स्थानों पर निर्माण प्रस्तावित है। शोहरतगढ़ में मानकीकृत स्थायी हेलीपैड के लिए 1.53 करोड़ रुपये, इटवा में 1.25 करोड़, बांसी के ग्राम सेखुई तप्पा पहर में 1.69 करोड़ और डुमरियागंज के भरौहिया उर्फ डोलवा में 1.18 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। बस्ती जिले में सदर तहसील के तहत राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) परिसर में हेलीपैड और पहुंच मार्ग बनाया जाएगा। इसके लिए 1.28 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत हुआ है और टेंडर निकाला गया है। वहीं, भानपुर में भूमि उपलब्ध नहीं होने से प्रस्तावित निर्माण की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी है। योजना के तहत हेलीपैड के साथ करीब 1.875 किलोमीटर पहुंच मार्ग का भी निर्माण किया जाना है। इससे प्रशासनिक दौरों के अलावा आपदा और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में हेलीकॉप्टर के संचालन में सुविधा मिलेगी।
-
कोट :::::::भानपुर में हेलीपैड निर्माण के लिए अभी जमीन उपलब्ध नहीं हो सकी है। इसके लिए प्रशासन से पत्राचार किया गया है। जीआईसी परिसर में प्रस्तावित हेलीपैड और पहुंच मार्ग के निर्माण के लिए टेंडर निकाला गया है। मंडल में कुल 11 हेलीपैड प्रस्तावित हैं। -आनंद कुमार, चीफ इंजीनियर, पीडब्ल्यूडी, बस्ती मंडल