सांसद ने उच्चीकृत प्लेटफॉर्म का लोकार्पण किया
साढ़े चार साल में जन कल्याण के हुए तमाम कार्य
आदर्श घोषित हुए जिले के चार रेलवे स्टेशन
अमर उजाला ब्यूरो
बभनान। स्थानीय रेलवे स्टेशन के उच्चीकृत प्लेटफॉर्म, नवीन प्रतीक्षालय एवं पे एंड यूज शौचालय का लोकार्पण मंगलवार को सांसद हरीश द्विवेदी ने किया। कार्यक्रम में रेलवे एडीआरएम लखनऊ मंडल प्रदीप पांडेय, सीनियर डीसीएम प्रदीप कुमार सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। संचालन जनसंपर्क अधिकारी आलोक कुमार श्रीवास्तव ने किया।
सांसद ने कहा कि लगभग साढ़े चार वर्षों में जिले के चार रेलवे स्टेशनों को आदर्श रेलवे स्टेशन का दर्जा दिया जा चुका है। इसमें से बभनान का भी रेलवे स्टेशन शामिल है। इस स्टेशन को आदर्श रेलवे स्टेशन के होने के नाते आज इस स्टेशन का प्लेटफॉर्म नंबर एक ऊंचा हो गया। इस पर लगभग दो करोड़ खर्च हुए हैं। स्टेशन परिसर में 20 लाख रुपये की लागत से शौचालय, पांच लाख की लागत से यात्रियों के लिए एसी वेटिंग रूम का भी निर्माण कराया गया है। कहा कि जो कार्य 70 वर्षों में नहीं हुआ वह भाजपा के महज साढे़ चार साल के कार्यकाल में हो गया है। जिले में लगभग 10 हजार गांवों, मजरों का विद्युतीकरण कराया गया। इस पर लगभग साढे़ सात सौ करोड़ रुपये खर्च हुए। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लगभग 36,000 परिवारों को आवास दिया जा चुका है। उज्ज्वला योजना के तहत 1.60 लाख गरीबों को निशुल्क गैस कनेक्शन दिया गया है। इसके अलावा घर घर शौचालय का निर्माण, आयुष्मान भारत योजना के तहत गरीबों का इलाज आदि की व्यवस्था सरकार ने की है। इस मौके पर मुख्य रूप से डॉ. आनंद सिंह, वरुण पांडेय, प्रबल मालानी, संतोष शुक्ला राजेश कमलापुरी, दिनेश सोनी, सोनू चौबे, अनुपम उर्फ कट्टा पांडेय, श्याम बहादुर सिंह, राजकुमार, सुनील सिंह, चंद्रभान यादव आदि मौजूद रहे।