मॉडर्न नजर आएगा रोडवेज डिपो, बदलेगी सूरत
8 करोड़ 24 लाख का भेजा गया प्रस्ताव
अत्याधुनिक मशीन से होगी बसों की धुलाई
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। वर्षों से बदहाली का दंश झेल रहे बस्ती डिपो की सूरत बदलने वाली है। शीघ्र ही पूरा परिसर मॉडर्न लुक में होगा। यात्रियों को जहां आराम के लिए विश्रामालय की सुविधा मिलेगी, वहीं, वे कैंटीन में चाय-नाश्ता भी कर सकेंगे। यही नहीं इस डिपो के बसों की धुलाई भी अत्याधुनिक मशीनों से होगी।
बस्ती डिपो के बेडे़ में इस समय लगभग 105 बसें शामिल हैं। पिछले डेढ़ माह के भीतर इस डिपो को 10 नई बसों की सौगात भी दी जा चुकी है। जल्द ही अन्य बसें इस डिपो की मिलेंगी। यहां मौजूदा समय में वर्कशॉप का भवन बेहद ही जर्जर हो गया है, साथ ही परिसर में भी बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं। इसके चलते अक्सर बसों में बड़ी खराबी भी आ जाती है। इस डिपो का प्रशासनिक भवन भी काफी बदहाल हो चुका है। यात्री सुविधाएं नाममात्र की हैं। यात्री छाजन भी यहां काम चलाऊ ही है। लेकिन अब यात्रियों को बहुत कुछ बदला नजर आएगा। बस्ती रोडवेज के दिन बहुरने वाले हैं। डिपो के कायाकल्प के लिए 8 करोड़ 24 लाख का प्रस्ताव भेजा गया है। इसमें प्रथम किस्त 51 लाख रुपये स्वीकृत हो गए हैं। इसके तहत पुराने भवन में संचालित प्रशासनिक भवन को तोड़कर नया बनाया जाएगा। बेड़े को और बड़ा किया जाएगा। इसके लिए कार्यशाला और डिपो के बीच की दीवार तोड़ी जाएगी। कार्यशाला से गंदे पानी व बरसात के पानी की निकासी की समस्या दूर की जाएगी। तेल डिपो को भी दूसरी जगह शिफ्ट किया जाएगा। धुलाई मशीनों से लेकर यात्री विश्रामालय तक सब कुछ लकदक होगा।
जल्द ही शुरू होगी टेंडर प्रक्रिया: एआरएम
बस्ती रोडवेज डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक छोटेलाल का कहना है कि 8 करोड़ 24 लाख का प्रस्ताव भेजा गया है। इसमें 51 लाख रुपये की स्वीकृति हो गई है। टेंडर प्रक्रिया के तहत जल्द ही कार्य शुरू कराया जाएगा। डिपो परिसर का नया लुक सामने आएगा।