बभनान में खाद्य सुरक्षा टीम का छापा
बभनान।
गौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की ग्राम सभा कटया नवडीहा गांव में 19 सितंबर को लड्डू खाने से एक ही परिवार के नौ लोग फूड प्वॉयजनिंग के शिकार हो गए थे। पीड़ित परिवार ने इसकी शिकायत की थी। इस पर बृहस्पतिवार को अभिहित अधिकारी रमेश चंद्र पांडेय के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा की टीम ने बभनान स्थित राधे स्वीट हाउस पर छापा मारा। यहां टीम ने बूंदी के लड्डू का नमूना लिया।
गांव के राम शब्द के पुत्र सोनू मुंबई से लौटते समय बभनान बाजार में स्थित राधे स्वीट हाउस से बच्चों के लिए लड्डू खरीदे। घर आने पर परिवार के लोगों ने लड्डू खाया तो सभी को उल्टी-दस्त शुरू हो गया। परिवार और गांव के लोग पहले पीड़ितों को पीएचसी हलुआ ले गए, वहां से डॉक्टर ने सीएचसी गौर रेफर कर दिया। यहां डॉक्टरों की टीम ने मरीजों का इलाज किया तो स्थिति में सुधार हुआ। इन स्थितियों के संज्ञान में आने के बाद टीम ने राधे स्वीट हाउस पर पर छापा मार कर नमूना लिया। खाद्य सुरक्षा विभाग के अभिहित अधिकारी आरसी पांडेय ने बताया कि ऐसे दुकानदारों के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर छापेमारी कर कार्रवाई की जाती है। अभी केवल एक दुकान से लड्डू का सैंपल लिया गया है। इसे जांच के लिए भेज जा रहा है। कहा कि रिपोर्ट में दोषी पाए जाने पर दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई की होगी। इसके साथ ही गौर, बभनान, हलुआ बाजार, टिनिच जैसे छोटे-बड़े बाजारों में खाद्य पदार्थों के नमूने लिए जाएंगे।