बस्ती। अंत्येष्टि स्थल निर्माण में 13.81 करोड़ रुपये की बंदरबांट पर कार्रवाई शुरू हो गई है। परशुरामपुर ब्लॉक के ग्राम पंचायत नरायनपुर के प्रधान और ग्राम पंचायत अधिकारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज होगा। डीएम अरविंद सिंह ने डीपीआरओ को निर्देश दिया है।
गोलमाल में फंसे सेक्रेटरी को निलंबित करने के साथ साथ ग्राम प्रधान के सारे अधिकार छीनने के आदेश भी डीएम ने दिए हैं। अंत्येष्टि स्थल निर्माण में रकम की बंदरबांट की पहली कार्रवाई से इस मामले में फंसे 76 अन्य प्रधान और सेक्रेटरी में खलबली मची हुई है। शुक्रवार को डीएम ने बताया कि नरायनपुर के ग्राम प्रधान शिवशंकर और ग्राम पंचायत अधिकारी नरोत्तम के खिलाफ सरकारी धन के गबन के आरोप में मुकदमा दर्ज होगा साथ ही गबन किए गए धन को दोनों से बराबर-बराबर भू-राजस्व की तरह वसूली की जाएगी। सेक्रेटरी को निलंबित कर उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई के निर्देश भी दिए हैं। बताया कि इन दोनों पर करीब 24 लाख रुपये के गबन करने का आरोप है। कार्रवाई करने से दोनों को पक्ष रखने का पूरा मौका दिया गया। अंत्येष्टि स्थल निर्माण में धन के गोलमाल करने की खबर को अमर उजाला निरंतर प्रमुुखता से प्रकाशित कर रहा है। प्रशासन की इस कार्रवाई से इस गोलमाल में फंसे 76 अन्य प्रधान और सेक्रेटरी में खलबली मची हुई है।