आम बीनने गए बालक को अधमरा किया
घायल बालक को लेकर गांववाले डीएम आवास पहुंचे
मिश्रौलिय स्टेट के स्कूल के चौकीदार ने पीटा
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती।
शहर से सटे मिश्रौलिया स्टेट में स्थित बाग में आम बीनने गए एक दस वर्षीय बालक को स्टेट में संचालित एक स्कूल के चौकीदार ने इतना मारा कि बालक अधमरा होकर बेहोश हो गया। इससे नाराज गांववाले इलाज कराने के बजाए घायल बालक को डीएम आवास ले गए और वहां पर जमकर हंगामा किया। गांववाले डीएम को बुलाने की मांग कर रहे थे। मौके पर एडीएम भगवान शरण, एसडीएम, चौकी इंचार्ज पहुंचे और परिवार के लोगों को समझा-बुझाकर बालक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
मिश्रौलिया निवासी दस वर्षीय अनीस पुत्र श्याम बिहारी के मुताबिक उसका पुत्र मिश्रौलिया स्टेट के बाग में आम बीनने गया था। वहां स्टेट की ओर से संचालित स्कूल के चौकीदार ने उसके पुत्र को इतना मारा कि वह अधमरा होकर बेहोश हो गया। इसी बीच उसके दूसरे पुत्र ने 100 नंबर पर डॉयल कर घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना के बाद पुलिस तो मौके पर पहुंची मगर चौकीदार के विरुद्ध कार्रवाई करने के बजाए उसके बेटे को ही उठा ले गई। इससे गांववाले काफी नाराज हुए और समूह बनाकर विरोध जताने और चौकीदार के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग करने डीएम आवास पर गए। एडीएम भगवान शरण ने बताया घायल बालक को जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया गया, जहां पर उसकी हालत बेहतर होने की जानकारी मिली है।