एक माह के शिशु की संदिग्ध परिस्थिति में मौत
पैकोलिया (बस्ती)। थानाक्षेत्र के पटना गांव में एक माह के नवजात शिशु की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। मृत शिशु के पिता की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पैकोलिया थाना क्षेत्र के पटना गांव निवासी रामवृक्ष ने बताया कि शुक्रवार रात उनकी पत्नी मनीषा अपने एक माह दो दिन के पुत्र अयान के साथ दरवाजे पर सोई थी। रात करीब 12.30 बजे बूंदा बांदी शुरू हुई तो वह सामान हटाने घर के अंदर गई। लौटने पर उसके बेटे के नाक से खून और मुंह से गाज आया हुआ था। उसको हिलाया डुलाया तो उसकी मौत हो गई थी। बताया जाता है कि पति पत्नी दोनों एक ही गांव के प्रेमी -प्रेमिका हैं। वह दोनों भागकर एक दूसरे के साथी बने थे और गांव पर ही रह रहे थे। इस मामले में मुकदमा भी थाना पैकोलिया में दर्ज है। इस मुकदमे में रामबृक्ष की मां अभी भी जेल में बंद है। मासूम की मां ने हत्या की आशंका जताई है। थानाध्यक्ष दुर्गेश कुमार पांडेय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।