बस्ती। हर घर बिजली से रोशन हो, इसके लिए केंद्र सरकार की ओर से सौभाग्य योजना चलाई गई। इसके तहत देश के लाखों परिवारों को कनेक्शन दिए गए हैं। कई ऐसे गांवों को रोशन किया गया है, जो आजादी से लेकर अब तक विद्युतीकरण से वंचित रह गए थे।
जिले में कई परिवार ऐसे थे, जिन्हें अब तक बिजली की रोशनी नसीब नहीं हुई थी। जटिलताओं को देखते हुए वे लोग हार चुके थे। केंद्र सरकार की ओर से चलाई गई सौभाग्य योजना के तहत जिले में एक लाख 35 हजार परिवारों को कनेक्शन दिए जा चुके हैं। यही नहीं इस योजना के तहत दो हजार और लोगों को कनेक्शन दिए जाने हैं।
जिले में लगेंगे 2025 ट्रांसफॉर्मर
ओवरलोडिंग और लो वोल्टेज की समस्या से उपभोक्ताओं को निजात दिलाने के लिए जिले में 2025 ट्रांसफॉर्मर लगाए जाने का लक्ष्य है, जिसके सापेक्ष दो हजार ट्रांसफॉर्मर लगाए जा चुके हैं। 6011 मजरों में मीटर कनेक्शन भी किए गए हैं। 331 ऐसे मजरे थे, जहां आजादी के वर्षों बाद तक विद्युतीकरण नहीं हुआ था, को बिजली का कनेक्शन दिया गया है।
कार्य अभी चल रहा: मुख्य अभियंता
मुख्य अभियंता ओपी यादव ने कहा कि 196 करोड़ की लागत से जिले में योजना के तहत विद्युतीकरण का कार्य कराया जा रहा है, जिसके तहत पांच व 10 एमवीए के बड़े ट्रांसफॉर्मर, विद्युत केबल, मीटर आदि लगाए जा रहे हैं। बताया कि लक्ष्य के हम करीब है। महज दो हजार कनेक्शन और किए जाने है, जिसे शीघ्र ही पूरा करा दिया जाएगा।