बोर्ड परीक्षा : काॅपियों के सील कराने के बाद छोड़ेंगे केंद्र
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। यूपी बोर्ड की परीक्षा 22 फरवरी से शुरू होगी। परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले स्टेटिक मजिस्ट्रेट को केंद्र पर पहुंचना होगा। परीक्षा समाप्त होने के बाद ही स्टेटिक मजिस्ट्रेट परीक्षा केंद्र छोड़ेंगे।
जिले में 401 माध्यमिक विद्यालय हैं। इनमें 22 राजकीय, 70 अशासकीय सहायता प्राप्त और 309 वित्तविहीन विद्यालय शामिल हैं। वर्ष 2024 की बोर्ड परीक्षा के लिए हाईस्कूल में 42166 और इंटरमीडिएट में 36711 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। 122 परीक्षा केंद्र बनाए है। सभी केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापक के साथ ही वाह्य केंद्र व्यवस्थापक और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।
परीक्षा में सबसे बड़ी जिम्मेदारी स्टेटिक मजिस्ट्रेट को दी गई है। स्टेटिक मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले स्ट्रांग रूम से प्रश्नपत्र के बंडल निकलवाएंगे। केंद्र व्यवस्थापक, अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक के साथ प्रश्नपत्र के बंडल की जांच करेंगे। जांच के बाद बंडल को परीक्षा शुरू होने से 15 मिनट पहले खोलेंगे। परीक्षा समाप्त होने के बाद स्टेटिक मजिस्ट्रेट उत्तर पुस्तिकाओं के बंडल को सील कराने के बाद ही केंद्र छोड़ेंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक जगदीश शुक्ला ने बताया कि प्रश्नपत्र पांच मिनट पहले कक्ष निरीक्षक के पास परीक्षा कक्ष में पहुंचेगा। परीक्षा शुरू होने की घंटी बजते ही प्रश्नपत्र को वितरित किया जाएगा।