बस्ती। लंबे समय से जिला अस्पताल में प्रस्तावित बॉयोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट एण्ड स्ट्रालाइजेशन व सेंट्रल स्ट्रालाइजेशन सप्लाई डिपार्टमेंट की स्थापना को शासन ने हरी झंडी दे दी है। इन दोनों परियोजनाओं पर 1.64 करोड़ खर्च का प्रस्ताव है। इस योजना के लिए शासन ने 73.60 लाख रुपये अवमुक्त किया है।
जिला अस्पताल में बॉयोमेडिकल वेस्ट व सीरींज सहित अन्य सर्जिकल उपकरणों को प्रयोग के बाद नष्ट करने के लिए बाहर भेजा जाता है। ऐसे खराब सामान को अब यहां स्ट्रालाइजेशन कर उसको नष्ट करने के लिए बाहर भेजा जाएगा। क्योंकि इसे ले जाने में तमाम खतरे रहते हैं। इन स्थितियों को देखते हुए जिला अस्पताल में लंबे समय से उक्त योजना का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। शासन ने तमाम परीक्षण के बाद इस योजना को मंजूरी दे दी थी। इसके बाद बॉयोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट के लिए 24.02 लाख तथा सेंट्रल स्ट्रालाइजेशन सप्लाई डिपार्टमेंट के लिए 49.58 लाख की पहली किस्त भेजी है। इसके लिए कार्यदायी संस्था भी शासन ने तय कर दिया है। योजना का कार्य 2020 तक पूरा होगा। अब तक बॉयो मेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट के लिए संतकबीरनगर जिले की निजी संस्था काम करती थी। इस योजना के पूरी होने के बाद उसे नष्ट करने से पहले स्ट्रालाइजेशन कर दिया जाएगा। इसके अलावा सेंट्रल स्ट्रालाइजेशन सप्लाई डिपार्टमेंट का कार्य अस्पताल में प्रयोग होने वाले उपकरणों व ओटी को शुद्ध करना होगा। एसआईसी डॉ. ओपी सिंह ने कहा कि योजना पर जनवरी में ही मुहर लग गई है। इसके लिए भेजे गए 1.61 करोड़ के प्रस्ताव को भी स्वीकृति मिली है। योजना में धन भी आ गया है, जिसे संबंधित कार्यदायी संस्था को स्थानांतरित किया जा चुका है। उसे जल्द से जल्द कार्य शुरू करने के लिए निर्देशित किया जा चुका है।