नशे का आदी था संकित, चार दोस्तों के साथ गया था
पुलिस टीम ने सीसीटीवी कैमरों व सर्विलांस से प्राथमिक जांच की। इसमें पता लगा कि संकित दुकान बंद कर चार दोस्तों के साथ पार्टी करने गया था। सूत्रों के मुताबिक दोस्तों के साथ ही नशे में किसी बात को लेकर उसका विवाद हुआ होगा। इससे गुस्साए किसी दोस्त ने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी होगी। पोस्टमाॅर्टम में भी गोली मारे जाने से मौत की पुष्टि हुई है। हालांकि गोली आर-पार होने से शरीर में बुलेट नहीं मिल सकी। पुलिस को कुछ फुटेज ऐसे भी मिले हैं, जिसमें संकित नशे में लड़खड़ाते हुए दोस्तों के साथ जाता दिख रहा है। पुलिस ने उसके कुछ दोस्तों को हिरासत में भी लिया है।
एक भाई कर चुका आत्महत्या
पुलिस की जांच में पता लगा कि संकित के जन्म के बाद ही उसके पिता की मौत हो गई थी। कुछ साल पहले मां का भी निधन हो गया। संकित चार भाई थे। उसके एक भाई ने आत्महत्या कर ली थी। अंकित बरेली में रहता है तो एक भाई रुद्रपुर में नौकरी करता है। पुलिस को संपत्ति विवाद की भी आशंका है। साथ ही किसी युवती से दोस्ती की बात भी सामने आ रही है। एसपी सिटी मानुष पारीक ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए।
सीओ सिटी प्रथम आशुतोष शिवम ने बताया कि संकित के सीने में एक गोली मारकर हत्या की गई है। उसके भाई की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें लगाई गईं है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।