रामनगर/गुलड़िया। आंवला-शाहबाद मार्ग पर दूध के तेज रफ्तार कैंटर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। दूसरा सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। गुस्साए ग्रामीणों ने रोड जाम करने की कोशिश की। सूचना पर गई पुलिस ने घायल को अस्पताल भेजकर ग्रामीणों को शांत कराया।
सिरौली क्षेत्र के गांव संग्रामपुर के नरेश (20) और इस्लाम गांव के ही बिल्डिंग मैटेरियल विक्रेता की दुकान से बजरफुट की ढुलाई कर रहे थे। वे दोनों काम के बाद घर लौट रहे थे। संग्रामपुर के पास आंवला की ओर से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर की टक्कर लग गई। इससे बाइक सवार दोनों गिर गए और बाइक घिसटती चली गई। हादसे में नरेश की जान चली गई। इस्लाम गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर दोनों के परिजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने टांडा मार्ग पर जाम लगाने की कोशिश की। कैंटर चालक को बुलाने की मांग करने लगे। वहां पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को शांत कराया। घायल को अस्पताल और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। नरेश दो भाइयों में छोटा था।