पुराने मामलों की समीक्षा करने और त्योहारों पर निगरानी कड़ी रखने के निर्देश
बरेली। पंचायत चुनाव और आगामी त्योहारों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आईजी राजेश पांडेय ने अपने कार्यालय में रेंज के कप्तानों से बैठक की। इस दौरान उन्होंने चुनाव संबंधी पुराने मामलों की समीक्षा कर उनका निस्तारण करने के निर्देश दिए।
बुधवार को आईजी कार्यालय में हुई बैठक में बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर के कप्तान मौजूद रहे। शासन के निर्देश पर बुलाई गई इस समीक्षा बैठक में आईजी राजेश पांडेय ने पंचायत चुनाव को लेकर तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पिछले पांच सालों में चुनावी रंजिश से संबंधित लंबित मामलों का निस्तारण शीघ्र किया जाए। अगर इनमें कोई गिरफ्तारी बची है तो उसे पूरा कर मामले को खत्म किया जाए। गांव में सूचना तंत्र मजबूत किया जाए ताकि चुनाव में खुराफात होने से रोका जा सके। उन्होंने आगामी त्योहार होली और शिवरात्रि को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए भी योजना तैयार करने को कहा। माहौल बिगाड़ने वालों पर सख्ती से कार्रवाई करने के साथ ही खुराफातियों को मुचलका में पाबंद करने के भी निर्देश दिए। शाहजहांपुर में होली पर निकलने वाले लाट साहब के जुलूस और बरेली में राम बरात को लेकर अधिकारियों को रूट का भ्रमण कर पूरी प्लानिंग करने के भी निर्देश दिए।