आंवला। रेवती गांव निवासी भगवान दास (30) की गाजियाबाद में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की है।
पूर्व प्रधान शरीफ अहमद ने बताया कि गांव के भगवानदास पिछले कई साल से गाजियाबाद के बमेटा में रहकर खाने-पीने की चीजों का ठेला लगाकर परिवार का भरण पोषण करते थे। वह पत्नी, बच्चों व ससुराल पक्ष के रिश्तेदारों के साथ रहते थे। अभी दो सप्ताह पहले ही भगवान दास गांव रेवती आए थे। कुछ दिन रहने के बाद गाजियाबाद चले गए। मंगलवार रात परिजनों को फोन कॉल पर पहले उनकी तबीयत बिगड़ने की खबर मिली। फिर मौत की सूचना मिली। परिजन शव को गांव ले आए। शव पर पिटाई व नीले रंग के निशान होने पर हत्या की आशंका जताई गई है। परिजनों ने कार्रवाई की मांग की है।
सीओ नितिन कुमार ने बताया कि अभी परिजनों की ओर से इस मामले में तहरीर नहीं मिली है। घटना स्थल दूसरे जनपद का है। फिर भी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।