बरेली। कैंट थाना क्षेत्र के चनेटी गांव में 24 वर्षीय रोहित साहू ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने उसके सौतेले भाई पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। उन्होंने पिता भगवान दास की मौत की निष्पक्ष जांच की भी मांग की है।
मृतक के चाचा सूरज साहू ने बताया कि रोहित के सौतेले भाई ने पिता भगवान दास की सेवानिवृत्ति के बाद मिले 37 लाख रुपये निकाल लिए थे। इस विवाद के कारण रोहित लंबे समय से मानसिक तनाव में था। परिजनों ने सौतेले भाई पर रोहित को प्रताड़ित करने का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने कहा कि सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मृतक के परिजनों ने दो साल पहले गौतमबुद्ध नगर में रोहित के पिता भगवान दास का लावारिस शव मिलने पर भी सवाल उठाते हुए जांच की मांग की है। उनका कहना है कि भगवान दास बैंक प्रबंधक पद से सेवानिवृत्त हुए थे और उनकी तीन शादियां हुई थीं। रोहित उनकी दूसरी पत्नी विनीता का बेटा था। सीओ आशुतोष शिवम ने बताया कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। जांच के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।