उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में सोमवार सुबह बरेली से कासगंज जा रही पैसेंजर ट्रेन से गिरकर एक युवक की मौत हो गई। युवक ट्रेन के गेट पर बैठा था। झपकी आने से वह नीचे गिर गया था। इससे ट्रेन काफी देर तक घटपुरी रेलवे स्टेशन पर खड़ी रही।
पुलिस के मुताबिक युवक की पहचान दुर्विजय पुत्र नौवतराम निवासी उझानी के मोहल्ला गद्दी टोला के रूप में हुई है। सोमवार सुबह करीब 10:40 पर ट्रेन संख्या 05335 बरेली से कासगंज जा रही थी।
युवक इसी ट्रेन में सवार था। पुलिस को कुछ यात्रियों ने बताया कि युवक ट्रेन के गेट पर बैठा था। उसके नजदीक कई यात्री खड़े थे। यह ट्रेन जैसे ही मुड़िया गांव के नजदीक पहुंची कि युवक झपकी आने के बाद नीचे गिर गया। ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई।
कुछ लोगों ने फोन पर पुलिस को सूचना दी। तब तक ट्रेन घटपुरी रेलवे स्टेशन पर पहुंच गई। कुछ यात्री ट्रेन से उतरकर गए और लोको पायलट और जीआरपी को सूचना दी। चूंकि घटना बिनावर थाना क्षेत्र में हुई थी। इससे बिनावर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने युवक के कपड़ों की तलाशी ली।
उसकी जेब में मिले आधार कार्ड से उसकी शिनाख्त हुई। इस दौरान ट्रेन घटपुरी रेलवे स्टेशन पर करीब आधा घंटे तक खड़ी रही। बिनावर एसओ अनूप कुमार सिंह ने बताया कि युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हुई है। यात्रियों ने बताया कि वह गेट पर बैठकर यात्रा कर रहा था।