फतेहगंज पश्चिमी। फतेहगंज पश्चिमी-शाही रोड के किनारे मंगलवार रात गांव कुरतरा के पास एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की है।
पुलिस के अनुसार, थाना शाही के मोहल्ला सुभाष नगर निवासी मुकेश कुमार (32) स्थानीय कस्बा फतेहगंज पश्चिमी के अंसारी मोहल्ले में किराये पर रहते थे। पिता हरिश्चंद्र भी स्थानीय कस्बा के मोहल्ला नौगमा में मुकेश से अलग रहते हैं।
मंगलवार देर रात फतेहगंज पश्चिमी-शाही रोड किनारे गांव कुरतरा के पास बेसुध हालत में मुकेश मिले। ग्रामीणों की सूचना पर आई पुलिस ने उनको खिरका सीएचसी भेज दिया, जहां डाॅक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह ने बताया कि युवक की पत्नी 11 माह बाद पांच दिन पहले ही घर आई थी। दोनों के बीच कहासुनी की आशंका है। पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी। संवाद