फरीदपुर। बुखारा रोड पर सिद्ध बाबा मंदिर पर मेला देखने जा रहे दो दोस्त डीसीएम की चपेट में आकर गंभीर घायल हो गए। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान एक युवक ने दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे का उपचार चल रहा है।
फरीदपुर थाना क्षेत्र के गुर्जर गोटिया निवासी दुर्वेश (18) व उसके गांव का ही रहने वाला दोस्त सचिन (16) बुखारा रोड पर स्थित सिद्ध बाबा मंदिर पर मंगलवार दोपहर मेला देखने जा रहे थे। बताया जा रहा है कि वह दोनों देवरनियां गांव के समीप सड़क पार कर रहे थे। तभी बुखारा की तरफ से आ रही डीसीएम की टक्कर लगने से दोनों घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा, जहां इलाज के दौरान दुर्वेश को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। संवाद
-
ट्रेन से गिरकर महाराजगंज के यात्री की मौत
फरीदपुर। ट्रेन में सवार यात्री सोमवार रात किसी ट्रेन से गिर गया और उसकी मौत हो गई। रेलवे कर्मचारियों ने मंगलवार सुबह उसका शव रेलवे ट्रैक के किनारे पड़ा देखा तो स्टेशन मास्टर को सूचना दी। स्टेशन मास्टर की सूचना पर पहुंची फरीदपुर पुलिस ने मृतक का पंचनामाभरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। आरपीएफ के अनुसार मृतक की जेब से मोबाइल व चार सौ रुपये निकले। पुलिस ने युवक की शिनाख्त 30 वर्षीय ओमेश चंद्र साहनी, ग्राम पिपरहना, नंद गंज, जिला महाराजगंज के रूप में की है। संवाद