सेंथल। डिबनापुर स्टेशन के पास मोड़ पर बाइक फिसलने से युवक की मौत हो गई। वह अपने ममेरे भाई को उसके घर छोड़ने जा रहा था। ममेरे भाई को मामूली चोटें आई हैं। थाना भोजीपुरा क्षेत्र के गांव हंसा सरौरा निवासी अर्जुन सिंह (25 वर्ष) का ममेरा भाई अजय कुमार रविवार को गांव आया था। देर शाम करीब 7:30 बजे अर्जुन भाई को छोड़ने के लिए बाइक पर बैठाकर उसके घर ले जा रहा था। डिबनापुर स्टेशन के पास मोड़ पर बाइक अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। दोनों लोगों ने हेलमेट नहीं पहना था।
हादसे में अर्जुन को गंभीर चोटें आईं। पीछे बैठे अजय को मामूली चोटें आईं। राहगीरों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से अर्जुन को सीएचसी ले जाया गया। जांच के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची हाफिजगंज पुलिस ने शव का पंचनामा भरवाने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अर्जुन का एक छह वर्षीय बेटा है। पत्नी वंदना, मां रानी देवी, भाई राकेश कुमार, बहन सुनीता, सोनम, मुस्कान और ललिता का रो-रोकर बुरा हाल है।