लखनऊ में नौकरी लगवाने का झांसा देकर फार्म हाउस पर युवती से दुष्कर्म का आरोप है। युवती ने लखीमपुर निवासी हेमंत गंगवार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। वह अखिल भारतीय गो रक्षा परिषद का संगठन प्रमुख है।
युवती ने पुलिस को बताया कि लखीमपुर का हेमंत गंगवार से बोलचाल थी। आरोप है कि उसने लखनऊ में नौकरी लगवाने के बहाने बुलाया था। कहने के मुताबिक वह मंगलवार शाम भाई के साथ लखीमपुर में हेमंत के फार्म हाउस पर गई। भाई छोड़कर लौट गया था। आरोप है कि हेमंत युवती को बाइक से इज्जतनगर रेलवे स्टेशन ले गया।
ट्रेन न आने का बहाना बनाकर फार्म हाउस वापस ले गया। वहां दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी बुधवार सुबह 4:00 बजे फिर इज्जतनगर रेलवे स्टेशन ले आया। युवती ने ट्रेन में टीटी को आपबीती बताई। इसके बाद पीलीभीत जीआरपी ने आरोपी को पकड़ना चाहा लेकिन वह ट्रेन में जीआरपी देखकर भाग गया। इसके बाद युवती ने शीशगढ़ लौटकर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सीओ बहेड़ी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। युवती का मेडिकल कराया जाएगा। साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।