उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के उझानी में दहेज की मांग सुलझाने के लिए बैठी पंचायत में एक युवती ने अपनी मां को जब बेबस देखा तो फंदे पर झूल गई। युवती की मंगनी हो चुकी थी। लेकिन मंगेतर और उसके परिवार वाले दहेज की मांग पर अड़े थे। मामले में मंगेतर के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है। सनसनीखेज घटना कोतवाली क्षेत्र के गांव सकरी जंगल की है।
करीब डेढ़ महीने पहले बेवा मरियम ने बेटी शमां का रिश्ता गांव के ही अतीक अहमद के साथ तय किया था। ग्रामीणों समेत नाते-रिश्तेदारों को भी इसका पता था। मंगनी की रस्म भी हो चुकी थी। तीन-चार दिन पहले अतीक ने दहेज में बाइक के अलावा घरेलू सामान और नकदी की मांग रख दी।
शमां के परिवार की आर्थिक स्थिति इतनी मजबूत नहीं थी कि वे निकाह से पहले दहेज की मांग को पूरी कर पाते। रविवार को मरियम ने गांव के कई लोगों और रिश्तेदारों के जरिये पंचायत भी कराई। देर रात तक कोई नतीजा सामने नहीं आया तो सोमवार सुबह फिर से गांव में ही पंचायत बैठी।
पंचायत में अतीक समेत उसके परिवार को लोगों ने समझाया भी लेकिन वे नहीं माने। बकौल मरियम अतीक ने उससे कह दिया कि शमां जहर खाकर मर जाए या फिर कुछ और कर ले। वह निकाह नहीं करेगा। इसकी भनक घर में मौजूद शमां को लगी तो उसने खुद को कमरे में बंद कर लिया। पंचायत में कोई नतीजा सामने नहीं आने के बाद परिजन घर पहुंचे तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला।
दरवाजा तोड़कर लोगों ने अंदर झांका तो शमां का शव फंदे पर लटकता नजर आया। परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस को भी मौके पर बुला लिया गया। पुलिस के पहुंचने से पहले अतीक और परिवार के लोग महिलाओं के साथ घर से भाग गए। इधर, पुलिस ने शमां के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। मृतका की मां की तहरीर पर मंगेतर अतीक और उसके परिवार के खिलाफ दहेज की खातिर आत्महत्या को मजबूर करने की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
पंचायत में खुद की मौजूदगी से इनकार कर रहे हैं लोग
शमां की मौत के बाद सकरी जंगल निवासी कई लोगों से संपर्क साधने का प्रयास किया गया। कुछ से बात भी हुई लेकिन उन्होंने यह तो बताया कि अतीक ने अच्छा नहीं किया लेकिन पंचायत में कौन-कौन मौजूद रहा। इसे कोई नहीं बता पा रहा है। दरअसल, कोई भी जिम्मेदारी नहीं लेना चाहता।
कुछ का यहां तक कहना है कि रविवार शाम को पंचायत में पुलिस भी पहुंच गई थी। लेकिन पुलिस ने भी पंचायत में मौजूद रहने से भी इंकार किया है। इसके विपरीत मरियम की मानें तो अतीक पर दहेज का भूत सवार हो गया था। मरियम के तीन बेटे हैं जो दिल्ली में काम करते हैं। उसके शौहर का पहले ही इंतकाल हो चुका है।
युवती ने निकाह टूटने से क्षुब्ध होकर ही अपने घर में फांसी लगाई है। सुबह पंचायत हुई थी। पंचायत में ग्रामीणों ने अतीक को समझाने का प्रयास भी किया, लेकिन वह नहीं माना था। उसके खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए दबिश भी दी गई है।- विशाल प्रताप सिंह, प्रभारी निरीक्षक