सेना भर्ती के लिए मंगलवार को शाहजहांपुर के अभ्यर्थी दौड़े। तीन हजार से अधिक दौड़ लगाने वालाें में मात्र 307 ही ऐसे रहे जो समय पर दौड़ पूरी कर सके। बाकी हाफ गए। इनमें भी सौ अभ्यर्थियाें को कद कम होने की वजह से हटा दिया गया। चुने गए अभ्यर्थियाें का मेडिकल परीक्षण बुधवार को होगा। भोर में ढाई बजे से ही जाट सेंटर के भर्ती ग्राउंड में अभ्यर्थियाें की भीड़ जमा होने लगी। सभी अभ्यर्थियाें को प्रवेश पत्र देखने के बाद ग्राउंड तक पहुंचने दिया गया। शाहजहांपुर से आनलाइन आवेदन करीब पांच हजार अभ्यर्थियाें के आए थे। इसमें से 3745 ही दौड़ में शामिल हुए। सुबह 5 बजे शुरू हुई दौड़ में गिरते- पड़ते 307 अभ्यर्थी ही जीत की रेखा पार कर सके। दौड़ के बाद हुई शारीरिक परीक्षण में 207 लोगाें को चुना गया, बाकी कद कम होने की वजह से हटा दिए गए। जीडी सैनिक पद के लिए 170 सेमी हाइट जरूरी है। लेकिन इसमें कई अभ्यर्थी मात खा गए। भर्ती बोर्ड के निदेशक कर्नल राजीव दीक्षित ने बताया कि चुने गए अभ्यर्थियों का मेडिकल होने के बाद उसमें जो चुने जाएंगे उनकी लिखित परीक्षा होगी।