युवक की हत्या के बाद परिजनों ने किया हंगामा
- फोटो : अमर उजाला
बरेली के बानखाना में पड़ोसियों ने पीटकर युवक की हत्या कर दी। परिजनों ने गुरुवार शाम प्रेमनगर थाने के बाहर सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। देर रात तीन लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई, पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने का आश्वासन देकर परिजनों को मनाया।
बानखाना निवासी रामा देवी पत्नी राधेश्याम ने बताया कि उनका बेटा विमल (22) निकाय चुनाव में वार्ड 24 से भाजपा प्रत्याशी का समर्थक था। उनका पड़ोसी मोनू श्रीवास्तव दूसरे प्रत्याशी को चुनाव लड़ा रहा था। इसको लेकर सोनू उनके बेटे से रंजिश मानने लगा था। बुधवार को विमल मोनू के घर उसके भाई से मिलने गया।
खटखटाने पर भी दरवाजा नहीं खुला तो वह छत पर आवाज देने लगा। आरोप है कि इतने में मोनू आ गया और विमल से गाली-गलौज व मारपीट करने लगा। मोनू ने आरोप लगाया कि विमल उसकी पत्नी से अभद्रता कर रहा था। मोनू के साथ ही उसका भाई फक्की और दोस्त रजत ने विमल को पीटकर घायल कर दिया।
मां-बेटे को मौत के मुंह से खींचा: चलती ट्रेन से मासूम के साथ गिरी महिला, सिपाही ने बचाई जान, देखें वीडियो
रात में ही रामा देवी बेटे को लेकर थाने पहुंचीं और तहरीर दी। बताया कि थाने से अस्पताल की ओर निकलते समय ही विमल की मौत हो गई। उन्होंने सूचना दी तो पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा दिया। इसमें चोटों से मौत की पुष्टि हुई है।
थाने के सामने शव रखकर की नारेबाजी
विमल की मौत से गुस्साए परिजन, मोहल्ले के लोगों के साथ गुरुवार शाम प्रेमनगर थाने पहुंचे। वहां तहरीर देकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने मामले को हल्के में लिया तो परिजन थाने से चले गए। थोड़ी देर बाद वे शव लेकर दोबारा थाने पहुंचे। बाहर सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। उन्होंने नारेबाजी भी की।
तहरीर बदलने का शोर
बताते हैं कि परिवार ने पहले जो तहरीर दी, उसे दूसरी बार में बदलवाया गया। ऐसे में रिपोर्ट दर्ज होने को लेकर असमंजस रहा। प्रेमनगर थाना प्रभारी राजेश सिंह ने बताया कि मूल तहरीर पर ही रिपोर्ट लिखी जा रही है।
एसपी सिटी राहुल भाटी ने बताया कि युवक की हत्या के मामले में तहरीर के मुताबिक रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। विवेचना में सच्चाई सामने आएगी। फिलहाल, मृतक के शरीर पर चोटों के निशान मिले हैं।