हाफिजगंज। बरेली-पीलीभीत हाइवे पर सुंडियावा मोड़ के पास बृहस्पतिवार शाम अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। अंधेरा होने की वजह से कई वाहन शव को रौंदते हुए निकल गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्षत-विक्षत शव को सील करके पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
जेब में रखे आधार कार्ड के जरिये मरने वाले की पहचान नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव बिजौरिया इस्लामनगर निवासी कल्लू शाह के तौर पर हुई है। सूचना पर परिजन भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। कई वाहनों से कुचले जाने की वजह से शव के टुकड़े हाईवे पर 50 मीटर तक फैल गए। सिर भी लगभग गायब हो गया। थाने पहुंची पत्नी अबरुल निशां ने बताया कि परिवार में एक बेटी और तीन बेटे हैं।
एक सप्ताह में दूसरा हादसा
हाईवे पर एक सप्ताह के अंदर यह दूसरा हादसा हुआ है। शनिवार देर रात लाड़पुर मोड़ के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से एक युवक की जान चली गई थी। रातभर शव को वाहन रौंदते रहे। सिर बुरी तरह से कुचल जाने की वजह से पहचान भी नहीं हो पाई।
हाईवे पर नहीं खड़ी होती एंबुलेंस
बरेली-पीलीभीत हाइवे पर टोल वसूली होने के बाद भी सुविधाओं का अभाव है। मोड़ पर रिफ्लेक्टर नहीं लगे हुए हैं। हाईवे पर एंबुलेंस भी खड़ी नहीं होती। हादसे के बाद अगर सरकारी एंबुलेंस को कॉल की जाती है तो काफी देर में एंबुलेंस घटनास्थल पर पहुंचती है। सड़क भी जगह-जगह बदहाल है।