सीबीगंज। ऑटो रिक्शा एजेंसी की पार्टनर महिला ने एजेंसी मालिक व उसके बेटे समेत पांच लोगों के खिलाफ छेड़खानी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। मुरादाबाद निवासी महिला ने सीबीगंज थाने में रिपोर्ट कराई कि उसके पति की बंडिया निवासी पूर्व पार्षद से पहचान थी। पूर्व पार्षद पर ऑटो रिक्शा एजेंसी है। उसने कहा कि दो लाख रुपये एजेंसी में लगा दें तो दस हजार रुपये महीने लाभ देंगे और मूलधन बना रहेगा। महिला ने यह रकम पूर्व पार्षद को उसकी पत्नी व बेटे के सामने दी। लिखित करार के बाद कुछ समय बाद ही तोड़ दिया गया।
महिला ने बताया कि दो जुलाई को बरेली में उसके पति की परीक्षा थी। वह पति के साथ बरेली आई। पूर्व पार्षद उसे अपने घर ले गया। वहां उसके साथ छेड़खानी की। विरोध करने पर पीटा व जान से मारने की धमकी दी। 31 जुलाई को उसका हिसाब करने को कहा, लेकिन किया नहीं। 18 अगस्त को जब वह और उसके पति घर पहुंचे तो वहां दो नकाबपोश लोग पहले से थे। उन्होंने उसके साथ छेड़खानी कर पति को जातिसूचक गालियां दीं। एसएसपी के आदेश पर मामला दर्ज किया गया।