फतेहगंज पूर्वी। मोहल्ला नई कॉलोनी निवासी नितेश (23) ने शनिवार रात फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पत्नी से नाराज होकर वह बहुत देर तक कमरे से नहीं निकले तो परिजनों ने दरवाजा तोड़ा। शव कमरे में सीलिंग फैन के कुंडे से चादर के सहारे लटका मिला। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट न होने पर विसरा सुरक्षित किया गया है।
बड़े भाई मुकेश ने बताया कि नितेश शनिवार रात घर आए तो अपनी पत्नी शीतल से कमरे के बाहर चारपाई डालने को कहा था। इसी दौरान उनका एक वर्षीय बेटा गिरकर रोने लगा। पत्नी शीतल चुपाने के लिए उसको दूध पिलाने लगीं। इससे नाराज होकर नितेश कमरे में चले गए और दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक वह नहीं निकले तो शीतल ने दरवाजा खटखटाया। नहीं खुला तो परिजनों ने दरवाजा तोड़ा। अंदर नितेश का शव कमरे में सीलिंग फैन के कुंडे से चादर के सहारे लटका मिला। उसको उतारकर मीरानपुर कटरा स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां इलाज से इन्कार किया तो फरीदपुर सीएचसी लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मुकेश के मुताबिक, नितेश दो भाइयों में छोटा था। वह फरीदपुर में एक निजी फैक्टरी में नौकरी करता था। दो साल पहले ही उसकी शादी हुई थी। वह शराब का आदी था। पति-पत्नी में अक्सर नोकझोंक होती थी। वह पत्नी को डराने के लिए धमकियां देता था। शनिवार को भी डराने के चक्कर में जान गवां दी। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया। रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट न होने पर विसरा सुरक्षित किया गया है। गले में चोट का निशान मिला है।
सीओ फरीदपुर संदीप सिंह ने बताया कि पारिवारिक कलह में युवक ने आत्महत्या की है। कलह का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।