मौत से पहले सभी सोशल मीडिया अकाउंट डिलीट किए, दरवाजा तोड़कर निकाला शव
बरेली। आभासी दुनिया में उपेक्षा का शिकार हुए युवक ने फंदे से लटककर जान दे दी। चर्चा उसके प्रेम-प्रसंग में अवसाद में होने की भी है। मरने से पहले उसने सोशल मीडिया प्लेटफाॅर्म इंस्टाग्राम पर फंदा लगाते हुए स्टोरी अपलोड की थी। प्रतिक्रिया न आने पर सारे सोशल मीडिया अकाउंट डिलीट कर आत्महत्या कर ली।
पोस्टमार्टम हाउस पर मिले ममेरे भाई अर्जुन ने बताया कि थाना सीबीगंज के गांव बालाकोठा निवासी 17 वर्षीय तोताराम उर्फ रवि पांच महीने से इज्जतनगर के धनौरा माफी में रह रहा था। वह दिन में गाड़ियों की धुलाई और रात में चौकीदारी करता था। पांच दिन से वह उदास था और बुधवार रात उसने कमरे में ही फंदा लगाकर जान दे दी।
कॉल रिसीव न होने पर दोस्त व परिजन सुबह कमरे पर पहुंचे। गेट न खुलने पर पुलिस को सूचना दी। इज्जतनगर थाना प्रभारी धनंजय पांडेय टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दरवाजा तोड़कर देखा तो तोताराम का शव लटका हुआ था। पोस्टमार्टम में मौत की वजह हैंगिंग ही आई।
बताया जा रहा है कि वह रिश्तेदारी की ही एक युवती से प्रेम करता था, पर परिजन उनकी शादी के लिए तैयार नहीं थे। हालांकि, परिवार ने इससे इन्कार किया है। इंस्पेक्टर ने बताया कि परिजन कुछ बता नहीं पा रहे हैं। किसी पर आरोप भी नहीं लगाया है।
दुख भरा गीत लगाकर किया प्रतिक्रिया का इंतजार
इंस्पेक्टर ने तोताराम के मोबाइल की जांच करने के साथ ही उसके दोस्तों से भी पूछताछ की। पता लगा कि रात 11:30 बजे स्टूल पर खड़े होकर तोताराम ने फंदा लगाया। फंदे पर लटकी हुई मुद्रा में उसने अपना फोटो व वीडियो बनाया। फोटो को एक दुख भरे गीत के साथ इंस्टाग्राम पर स्टोरी लगाई। दस मिनट तक उसने इंतजार किया। उसकी स्टोरी पर किसी परिचित का रिएक्शन नहीं आया। तब उसने स्टूल से उतरकर अपने मोबाइल से सभी सोशल मीडिया अकाउंट डिलीट किए। मोबाइल चार्जिंग पर लगाने के बाद फंदे से लटक गया। कुछ दोस्तों ने रात में ही वह स्टोरी देखकर उसे कॉल भी की थी, पर रिसीव नहीं हुई। अमर उजाला ब्यूरो