बरेली के थाना बारादरी के जोगी नवादा में बुधवार शाम एक युवक ने तमंचे से खुद को गोली मारकर खुदकुशी कर ली। खुदकुशी का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। सूचना पर सीओ अनीता चौहान, इंस्पेक्टर अमित पांडेय ने मौके पर पहुंच कर फॉरेंसिक टीम के साथ पड़ताल की। घटना के समय मृतक की मां और भाभी घर की छत पर होली के लिए पापड़ आदि बना रही थीं।
जोगी नवादा निवासी लक्ष्मीनारायण (30) पुत्र दिवगंत नत्थू लाल अविवाहित थे। वह पेंटर का काम करते थे। उनके भाई कृष्ण पाल ने बताया कि लक्ष्मीनारायण रोजाना की तरह बुधवार सुबह काम पर गए थे। शाम करीब चार बजे वह घर लौटे। वह भतीजे-भतीजी को होली के लिए कपड़े दिलाने की बात कह रहे थे।
घर पर नहीं हुआ था विवाद
घर पर कोई विवाद भी नहीं हुआ था। लक्ष्मीनारायण कमरे में गए और उन्होंने खुद को गोली मार ली। फायर की आवाज सुनकर उनकी पत्नी और मां नीचे आईं तो खून में लथपथ लक्ष्मीनारायण का शव पड़ा था। घटना के समय कृष्णपाल घर पर नहीं थे। पत्नी और मां ने सूचना दी तब वह मौके पर पहुंचे।
मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने तमंचा बरामद कर लिया। पूछताछ में परिवार वाले आत्महत्या का कारण नहीं बता सके हैं। परिवार वालों ने लक्ष्मीनारायण तीन भाइयों में तीसरे नंबर के थे। उनका एक भाई रुद्रपुर में नौकरी करता है। इंस्पेक्टर अमित पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में जांच की जा रही है।