घर में मामूली कहासुनी होने से नाराज नशे में धुत युवक ने उठाया यह कदम, पुलिस ने बचाया
सिरौली। क्षेत्र के एक गांव में एक युवक नशे में धुत होकर गांव में पानी की टंकी के ऊपर चढ़ गया और करीब एक घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा करता रहा। हालांकि पुलिस की मदद से उसे नीचे उतार लिया गया।
क्षेत्र के गांव भीमपुर कठौती में बुधवार की देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया जब गांव का राकेश (21) शराब के नशे में धुत होकर गांव में 50 फिट ऊंची बनी पानी की टंकी के ऊपर चढ़कर एक घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा करने लगा। ग्रामीणों ने मामले की सूचना बड़ागांव चौकी इंचार्ज दीपक कुमार को दी। बड़ागांव चौकी इंचार्ज दीपक कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने उसे उतारने को कहा। नहीं उतरने पर पुलिस ने रात में स्वयं चढ़कर सकुशल युवक को टंकी से उतारा। जब युवक से कारण पूछा गया तब उसने बताया कि उसके घर में किसी बात को लेकर मामूली कहासुनी हो गई थी। इसी बात को लेकर वह शराब के नशे में पानी की टंकी के ऊपर चढ़ गया और कूदने का प्रयास करने लगा। हालांकि समय रहते उसे बचा लिया गया।