बरेली के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के गुलाब नगर स्थित लोहार वाली गली में बुधवार रात 40 वर्षीय मनोज श्रीवास्तव ने घर में फंदा लगाकर जान दे दी। परिजन के मुताबिक, करीब एक सप्ताह पहले पड़ोस के कुछ लोगों से उनका विवाद हुआ था। इसके बाद से वह मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे। मृतक के भाई ने पड़ोसियों पर रास्ते में रोककर गाली-गलौज करने और धमकी देने का आरोप लगाया है।
बृहस्पतिवार सुबह पोस्टमॉर्टम हाउस पर मनोज के भाई सचिन श्रीवास्तव ने बताया कि विवाद के बाद से पड़ोस के लोग मनोज को परेशान कर रहे थे। आरोप है कि रास्ते में रोककर उनके साथ गालीगलौज की जाती और धमकियां दी जाती थीं। इसी वजह से मनोज काफी तनाव में थे। बुधवार रात मनोज घर में थे। इसी बीच वह फंदे से लटक गए।
परिवार वालों ने उन्हें नीचे उतारा, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची प्रेमनगर पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मनोज एक आईटी ऑफिस में निजी नौकरी करते थे। परिवार में पत्नी अंजलि और दो बच्चे हैं। सचिन ने पुलिस से मनोज को कथित तौर पर प्रताड़ित करने वाले पड़ोसियों के खिलाफ जांच कर कार्रवाई की मांग की है।