नवाबगंज। नगर में पनघैली नदी के किनारे नगरपालिका की भूमि पर किए जा रहे जा रहे अवैध कब्जे को नगर पालिका प्रशासन ने रुकवा दिया, लेकिन एक सप्ताह गुजर जाने के बाद भी तहसील प्रशासन ने इस भूमि के सीमांकन करने की कोई सुध नहीं ली है।
नगर के मोहल्ला कुरैश नगर में पनघैली नदी किनारे पड़ी सरकारी जमीन (बंजर) पर कुछ दबंगों द्वारा कब्जा किए जाने की सूचना पर नगर पालिका परिषद प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर कब्जे को रुकवा दिया है। साथ ही इस भूमि का सीमांकन कराए जाने का पत्र एसडीएम अजय कुमार उपाध्याय को दिया, लेकिन इस मामले में एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई । अब बुधवार को नगर पालिका परिषद ने दूसरा पत्र तहसील प्रशासन को सौंपा है, जिसमें तत्काल ही सरकारी जमीन का सीमांकन कराए जाने के साथ ही भूमि को कब्जामुक्त कराए जाने की मांग की है।
इस भूमि पर अनुसूचित जाति के लोगों द्वारा अंतिम संस्कार किए जाते थे, लेकिन यह सरकारी जमीन श्मशान घाट में दर्ज़ नहीं की गई थी, बल्कि बंजर ही दर्ज़ रही, जो आज भी दर्ज है। संवाद