फतेहगंज पूर्वी। नगर के गांव बिलपुर की लेखपाल कॉलोनी में शुक्रवार को बच्चों में झगड़ा हो गया। मामले में शिकायत करने के बाद पीड़ित को आरोपियों ने घर में घुस कर लाठी-डंडों से पीटकर मरणासन्न में कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को फरीदपुर सीएचसी भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे बरेली जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घायल वीरेंद्र के भतीजे शानू गुप्ता की तहरीर पर पुलिस ने 11 नामजद व दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
लेखपाल कॉलोनी निवासी शानू गुप्ता ने बताया कि शुक्रवार को पड़ोस के ही भगवानदास गुप्ता के बच्चों से उसके चाचा वीरेंद्र गुप्ता के बच्चों में झगड़ा हुआ था। इसके बाद भगवान दास गुप्ता के लड़कों ने वीरेंद्र गुप्ता के साथ मारपीट कर घायल कर दिया था, जिसकी रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए शनिवार को थाने गए। इसके बाद वीरेंद्र जैसे ही घर पहुंचे तो साजिश के तहत एक दर्जन लोगों ने उन पर हमला कर दिया। पीड़ित के गुप्तांगों में सरिया व लोहे की रॉड मारकर गंभीर घायल कर दिया, फिर मरणासन्न अवस्था में घर के बाहर गली में फेंककर उक्त आरोपी धमकी देते हुए भाग गए।
पुलिस ने अतुल, मुनीश, मुकेश,भगवानदास, शुशीला, रीता, अनूप, संजीव, सुनील, अनीता, राजीव सहित दो अज्ञात लोगों के खिलाफ कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। थाना प्रभारी मदन मोहन चतुर्वेदी ने बताया कि एक दर्जन से ज्यादा लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। चार को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया है। संवाद