You will enter UP politics by electing body
- फोटो : बरेली, अमर उजाला
आम आदमी पार्टी(आप) के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं यूपी के प्रभारी संजय सिंह ने कहा कि उनकी पार्टी के कमजोर होने की बात करने वाले झूठा प्रचार कर रहे हैं। जबकि आप ऐसा दल है कि साढ़े चार साल की उम्र में दो बार दिल्ली में सरकार बनाकर पंजाब में 20 विधायक बनाए हैं। इतनी तेजी से किसी पार्टी ने देश में ग्रोथ नहीं की है। सपा ने परिवारवाद, बसपा ने जातिवाद और भाजपा ने धर्म के नाम पर वोट लेकर लोगों को अब तक ठगा है। आप यूपी में होने वाले निकाय चुनाव में प्रत्याशी उतारेगी। भाजपा अंग्रेजों की तरह बांटों और राज करो के फार्मूले पर नफरत की राजनीति कर रही है लेकिन आप देश को इस तरह किसी भी हाल में बंटने नहीं देगी।
पीलीभीत रोड बाईपास पर एक निजी होटल में पत्रकारों से बात करते हुए संजय सिंह ने कहा कि धर्म के नाम पर पहले देश में और अब यूपी में भारतीय जनता पार्टी को वोट देकर जनता खुद को ठगा महसूस कर रही है। समाजवादी पार्टी की सरकार से तंग आकर जनता ने भाजपा को वोट दिया, लेकिन योगी जी की सरकार भी सपा पार्ट-टू सरकार लग रही है। एंटी रोमियों के नाम पर बहन के साथ भाई और पिता के साथ बेटी को पकड़कर बेइज्जत किया जा रहा है। केंद्र सरकार ने तीन साल पूरे होने पर 5 हजार करोड़ के विज्ञापन छपवाए। विदेशी बैंक से कालधन एक पैसा नहीं आया। श्रम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक 84 फीसदी रोजगार घटा है। उन्होंने यूपी की कर्ज माफी के फार्मूले को भी फेल बताया। उन्होंने कहा कि आरबीआई सरकार को कर्ज देने को तैयार ही नहीं है।
अरविंद अग्रवाल को जोन संयोजक बनाया
राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं यूपी के प्रभारी संजय सिंह ने कार्यकर्ता सम्मेलन में संजय नगर के मोबाइल शॉप के मालिक अरविंद अग्रवाल को जोन संयोजक बनाए जाने की घोषणा की। निकाय चुनाव के लिए वार्ड, बूथ और मोहल्ला कमेटियां बनाकर 45 दिन में कार्य योजना बनाई जाएगी। इसके बाद बिजली, पानी, सड़क, भ्रष्टाचार, पार्कों का सुंदरीकरण और टैक्स के मुद्दों पर पार्टी जहां समझेगी वहां से स्थानीय निकाय में प्रत्याशी उतारेगी। इसके लिए निशुल्क सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। इस मौके पर जिला संयोजक अभय गंगवार, राजेश सिंह, नवनीत अग्रवाल, शिव अवतार शर्मा, शशि कश्यप, दीप्ति वर्मा, रीता विलाठिया, आशीष अरोरा, छत्रपाल गंगवार आदि मौजूद रहे।