बरेली। नवाबगंज के पीड़ित परिवार को 50 लाख के मुआवजा और आवास की मांगों को लेकर शहर के सेठ दामोदर स्वरूप पार्क में धरना दे रहे आम आदमी पार्टी के धरने पर शुक्रवार को लगभग सायं साढ़े चार बजे नवाबगंज थाने की पुलिस पहुंची। उसके साथ सपा से जुड़ी जिला पंचायत सदस्य नीरू सागर भी थीं। आप के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पुलिस ने धरने पर बैठीं नवाबगंज की महिलाओं को उठाकर ले जाने की कोशिश की। इसका आप कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी के साथ विरोध किया। पुलिस और सपा नीरू से कार्यकर्ताओं की नोकझोेंक भी हुई। नीरू के साथ पीड़िता के पिता भी थे, जिनको वह अपनी ओर से कोई मांग न होने की बात कहने के लिए पुलिस के साथ लाई थीं। आप के प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य डॉ. हरीश गंगवार का कहना है कि मुख्यमंत्री के बरेली दौरे की वजह से पुलिस आंदोलन को दबाना चाहती है लेकिन धरना जारी रखेंगे।