हाफिजगंज। हाफिजगंज बाइपास पर बरेली-पीलीभीत रोड के किनारे वर्षों पुराने अतिक्रमण को बुधवार को हटाया गया। पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने अभियान चलाकर अतिक्रमण को जेसीबी से ध्वस्त किया।
हाफिजगंज बाइपास पर सड़क के दोनों ओर अवैध रूप से खोखे, टिन शेड और दुकानें बनी हुई थीं। अतिक्रमण के कारण दुर्घटनाएं बढ़ रही थीं और यातायात भी बाधित होता था। लोग अतिक्रमण हटाने की मांग लंबे समय से कर रहे थे। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सोलंकी ने टीम के साथ सुबह मौके पर पहुंचे। कुछ लोगों ने अपना सामान खुद हटा लिया। जिन्होंने अतिक्रमण नहीं हटाया, पुलिस ने जेसीबी से हटवाया। कार्रवाई के दौरान मौके पर भीड़ लगी रही।
अतिक्रमण करने पर कार्रवाई की चेतावनी
थाना प्रभारी ने बताया कि लगातार मिल रहीं शिकायतों और यातायात बाधित होने की समस्या के मद्देनजर यह अभियान चलाया गया। अतिक्रमण से आए दिन जाम लगता था। उन्होंने बताया कि अतिक्रमण करने वाले लोगों को पहले ही सूचना दे दी गई थी। भविष्य में सरकारी भूमि पर कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी।