बरेली। जंक्शन पर यार्ड रिमॉडलिंग और 26-26 कोच की दो वॉशिंग लाइनों के निर्माण के लिए ईएसपी (इंजीनियरिंग स्केल प्लान) तैयार कर लिया गया है। दोनों कार्यों के लिए बजट पहले ही जारी किया जा चुका है। दोनों कार्यों के लिए रेलवे निर्माण संगठन की गति शक्ति यूनिट ने खाका तैयार किया है। इसी वित्तीय वर्ष में काम शुरू करा दिए जाएंगे।
जंक्शन पर 48.90 करोड़ की लागत से यार्ड रिमाॅडलिंग और 9.74 करोड़ के बजट से 26-26 कोच की दो नई वॉशिंग लाइनों का निर्माण कराया जाना है। दोनों कार्यों के लिए भूमि चिंह्नित कर ली गई है। इसी वर्ष बजट में इन कार्यों के लिए स्वीकृति मिली थी। ईएसपी तैयार करने का जिम्मा उत्तर रेलवे रेलवे निर्माण संगठन की गति शक्ति यूनिट को दिया गया।
पहले यार्ड रिमॉडलिंग, वॉशिंग लाइनों के निर्माण का काम कराया जाएगा। रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि ईएसपी रेलवे बोर्ड को भेज दिया गया है। मंजूरी मिलने के बाद दोनों काम शुरू करा दिए जाएंगे।
सभी छह प्लेटफॉर्म पर क्विक वाटर सिस्टम समेत यात्री सुविधाओं के विस्तार के लिए अन्य कार्यों के लिए भी खाका तैयार किया जा रहा है। आरपीएफ और जीआरपी थानों के नए भवनों का भी निर्माण प्रस्तावित है।