उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि विपक्ष अल्पसंख्यकों को भ्रमित करने का प्रयास करता रहता है। मगर 2014 में केंद्र में सरकार बनते ही प्रधानमंत्री ने कहा था कि जिन्होंने हमें वोट दिया और जिन्होंने नहीं दिया, उन सभी की सेवा करनी है।
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अखिलेश यादव को नहीं पता कि यादव जितने जातिवादी हैं, उतने ही राष्ट्रवादी भी हैं। इसीलिए वे अब हमारे साथ जुड़ रहे हैं। यादव और अल्पसंख्यक वोटरों को अखिलेश यादव अपनी कठपुतली समझते हैं। इस बार तो बरेली के निकाय चुनाव में ही हमारी पार्टी ने एक अल्पसंख्यक को अध्यक्ष बनवाकर खाता खोल दिया है।
विज्ञापन
बुधवार को शहर पहुंचे उपमुख्यमंत्री ने मिनी बाईपास स्थित बरातघर में आयोजित संयुक्त मोर्चा के कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कहा कि विपक्ष अल्पसंख्यकों को भ्रमित करने का प्रयास करता रहता है। मगर 2014 में केंद्र में सरकार बनते ही प्रधानमंत्री ने कहा था कि जिन्होंने हमें वोट दिया और जिन्होंने नहीं दिया, उन सभी की सेवा करनी है।
अब 2024 के लोकसभा चुनाव में सभी कार्यकर्ताओं को जी जान से लग जाना है। इसमें मोर्चों की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। सभी मोर्चे अपने-अपने क्षेत्रों में काम करें और मिशन 2024 को सफल बनाएं। हमारी सरकार ने बिना भेदभाव के सभी वर्गों को उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि, आयुष्मान योजना आदि का लाभ दिया है।
विज्ञापन
सपा पर साधा निशाना
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष सिर्फ अगड़े-पिछड़े और अल्पसंख्यकों की बात करता है। उन्हें वोट बैंक समझता है, जबकि हमने काम किया है। 2014 में यदि नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री नहीं बनते तो पिछड़ा वर्ग को संवैधानिक दर्जा कभी नहीं मिलता। इसी शहर में 2017 से पहले सिर्फ दंगे होते थे। हमारी सरकार में एक भी दंगे नहीं हुए। सपा का नारा था, खाली प्लॉट हमारा, हमने सभी जमीनों को कब्जामुक्त कराया है।
इस मौके पर राज्यमंत्री डॉ. अरुण कुमार, सांसद संतोष गंगवार, एमएलसी कुंवर महाराज सिंह, विधायक संजीव अग्रवाल, महापौर उमेश गौतम, विधायक एमपी आर्य, क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह, महानगर अध्यक्ष केएम अरोड़ा, जिला प्रवक्ता अंकित महेश्वरी, मीडिया प्रभारी बंटी ठाकुर व गुलशन आनंद समेत अन्य मौजूद रहे।
डिप्टी सीएम ने आजम खान पर निशाना साधते हुए कहा कि अब तो सपा मुखिया अखिलेश यादव के चाचा की सीट रामपुर में भी कमल खिल गया है। अब चुनाव निकट आ रहे हैं तो विपक्षी फिर अफवाह फैलाएंगे। हमारी सरकार में हुए कुंभ में लालू प्रसाद यादव की पत्नी, अखिलेश यादव और प्रियंका वाड्रा सभी गंगा में डुबकी लगाने पहुंचे थे। यानि कि भाजपा की विचारधारा ही अच्छी और सच्ची है।