बरेली। विद्युत निगम के एक्सईएन (11केवी वर्टिकल) अचानक छुट्टी पर चले गए हैं। वह सीयूजी नंबर भी साथ ले गए हैं, जो स्विचऑफ बता रहा है। इसी नंबर पर बिजली आपूर्ति में आई दिक्कतों व फाल्ट की सूचना मेसेज व कॉल से दी जाती है। एक्सईएन को उनका निस्तारण कराना होता है।
अब निगम ने सीयूजी नंबर का डुप्लीकेट सिमकार्ड जारी कराया है। उनका चार्ज 33केवी के एक्सईएन को सौंपा गया है। सीयूजी नंबर चालू नहीं होने से वह शुक्रवार को भी 11 केवी के काम शुरू नहीं कर सके। चर्चा है कि लगातार स्पष्टीकरण मांगे जाने से एक्सईएन उच्चाधिकारियों को बताए बिना छुट्टी पर चले गए हैं।
अधिकारियों का कहना है कि बुधवार रात से एक्सईएन सुरेंद्र गौतम की कोई सूचना नहीं है। उनकी तरफ से पारिवारिक दिक्कतों की का हवाला देते हुए शुक्रवार को अधीक्षण अभियंता कार्यालय को पत्र भेजा गया है।
इधर, शुक्रवार देर शाम उनके द्वारा लखनऊ में ट्रांसफर मांगे जाने की जानकारी भी मिली है। इस मामले में एक्सईएन सुरेंद्र गौतम से भी संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन सीयूजी और व्यक्तिगत दोनों ही नंबर बंद मिले। संवाद