फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: गिरजाघरों में आराधना, शहर भर में उल्लास

Tue, 26 Dec 2023 02:37 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। शहर में सोमवार को क्रिसमस की धूम रही। गिरजाघरों में जुटे मसीही समाज के लोगों ने आराधना की। जगह-जगह मेलों का आयोजन हुआ और लोगों ने परिवार समेत इनमें शामिल होकर खुशियां मनाईं। कैंट स्थित क्राइस्ट चर्च में मुख्य प्रार्थना के दौरान पादरी हैरॉल्ड अमिताभ ने अनुयायियों से कहा कि परमात्मा ने अपने बेटे को सौंपकर संसार को क्रिसमस पर खुशियां बांटी हैं। यीशु मसीह के जन्म लेते ही सरदूतों ने गड़रियों को बताया कि तुम्हारे उद्धारकर्ता ने जन्म लिया है। हमारे समाज में इससे बड़ा दिन कोई नहीं हो सकता। इसीलिए यह मसीह संप्रदाय का बड़ा दिन है।
विज्ञापन


प्रार्थना के बाद शहर के विभिन्न गिरजाघरों में सामूहिक भोज का आयोजन हुआ। फिर परिसर में सजे क्रिसमस मेला में लोगों ने पकवानों का स्वाद चखा। मनपसंद सामान खरीदे। झूलों का आनंद लिया। कैंडल जलाकर दुआ की। सेल्फी खींची और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर खूब तारीफें बटोरीं। मैथोडिस्ट चर्च, सेंट माइकल एंड ऑल एंजेल्स चर्च, सेंट स्टीफेंस चर्च, सेंट अल्फोंसस चर्च में सुबह से ही अनुयायियों ने पहुंच कर एक-दूजे को बधाई दी।

बिशप डॉ. इग्नेशियस डिसूजा ने कराई प्रार्थना
रविवार रात 12 बजे प्रभु यीशू के जन्म के साथ ही चर्च और घरों में खुशियाें का दौर शुरू हो गया। सेंट अल्फोंसस चर्च में सुबह नौ बजे बिशप इग्नेशियस डिसूजा ने प्रार्थना की। सुबह 11 बजे से शहरवासियों के लिए चर्च के गेट खुले। सभी ने जन्मे प्रभु यीशु के प्रतीकात्मक स्वरूप के दर्शन किए। कैंट क्षेत्र स्थित क्राइस्ट चर्च में सुबह विशेष प्रार्थना के बाद पवित्र रस्म अदा हुई।
विज्ञापन


संकल्प : तुम्हारे वचन पर बनाए रखेंगे भरोसा
चर्च में हुई सामूहिक प्रार्थना में पादरी ने अनुयायियों के साथ प्रभु से प्रार्थना की कि हम तुम पर और तुम्हारे वचनों पर विश्वास रखते हैं। कई अनुयायियाें ने प्रभु यीशु मसीह से जीवन में सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। फिर केक बंटा। क्वायर ने धार्मिक गीतों से माहौल को प्रभुमय बनाया।


सोशल मीडिया पर छाया खुमार
क्रिसमस का खुमार सोशल मीडिया पर भी छाया रहा और लोग एक-दूसरे को क्रिसमस की बधाई देते रहे। सुबह उठते ही मसीह संप्रदाय के लोगों में बच्चों, युवाओं और बड़े-बुजुर्गों ने अपने रिश्तेदारों, पड़ोसियों, दोस्तों, भाई-बहनों व स्वजनों को क्रिसमस की बधाइयां दीं और बच्चों को उपहार बांटे।


अनुयायियों ने निभाई बत्तीसवां की रस्म
इस वर्ष जन्म लेने वाले और नवजात शिशुओं को लेकर कई अनुयायी गिरजाघर पहुंचे। विधि-विधान के साथ बत्तीसवां की रस्म निभाई। बच्चों को यीशु मसीह की प्रतिमा के समक्ष इसाई धर्म की तालीम दिलाने का संकल्प लिया। प्रार्थना सभा के साथ कैरल से प्रभु को याद किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें