Workshop learned, learn from the yogi Work culture
- फोटो : बरेली, अमर उजाला
नए मंडलायुक्त पीवी जगनमोहन ने चार्ज संभालते ही अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए। बोले, मैं तमिलनाडु का रहने वाला हूं। बचपन से तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के. कामराज को काम करते देखा है। वह बीस घंटे काम किया करते थे। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनसे भी फास्ट हैं। अधिकारियों को योगी जी से काम करना सीखना चाहिए।
सर्किट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए मंडलायुक्त ने कहा कि गेहूं खरीद पर उनका फोकस रहेगा। क्रय केंद्रों पर किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। आलू खरीद पर भी नजर रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि इन दिनों कहीं भी अग्निकांड हो सकता है। इसलिए फायर बिग्रेड की टीम को हमेशा तैयार रहना है। ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए, जिससे कम जन-धन की हानि हो। साथ ही अग्निकांड से पीड़ितों को राहत जल्द दिलाने की व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने कहा कि दूरस्थ तहसील, अस्पताल, विकास खंड आदि का औचक निरीक्षण करना उन्हें पसंद है। ऐसे स्थानों का वह पहले गोपनीय ढंग से पता करा लेते हैं। 30 साल से बतौर आईएएस अफसर मैं फील्ड में हूं। अलीगढ़, इलाहाबाद, देवी पाटन, बांदा और मिर्जापुर आदि मंडलों के बाद सरकार ने उन्हें बरेली भेजा है। सुस्त अफसर उनके साथ नहीं चल पाएंगे। हमारे मुख्यमंत्री बीस घंटे काम कर रहे हैं तो सभी अफसरों को भी इतने ही घंटे काम करना होगा।
शहरी इलाकों को सभी के सहयोग के नियमित तरीके से बसाने की कोशिश की जाएगी। इससे पहले सर्किट हाउस पहुंचते ही मंडलायुक्त को गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी दी गई। इसके बाद डीएम सुरेंद्र सिंह, एसएसपी जोगेंद्र कुमार, एडीएम सिटी आलोक कुमार, एडीएम प्रशासन एसपी सिंह, एडीएम वित्त एंव राजस्व मनोज कुमार आदि अधिकारियों ने मंडलायुक्त का बुकें देकर स्वागत किया।