बरेली। शनिवार को सीआई पार्क में मिली लाश आलमगीरी गंज के मिठाई कारीगर रवि दिवाकर उर्फ पहाड़ी की निकली। छोटे भाई अभिषेक ने रवि के हाथ पर लिखे ओम नमस्य सिवाय से पहचान की। पुलिस के मुताबिक रवि बाइक चोरी के आरोप में चार साल पहले जेल जा चुका है। उस पर इसके अलावा और भी कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आलमगीरी गंज के एक सर्राफा व्यापारी के चालक से पूछताछ करके हत्यारों की तलाश शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है।
मोहल्ला आलमगीरी गंज के छोेटे लाल के दो बेटों में बड़ा रवि उर्फ पहाड़ी दिवाली पर मिठाई बनाने वाले कारखाने में काम करता था। शुक्रवार की रात आठ बजे वह मां सुषमा देवी से 50 रुपये लेकर मोबाइल में रुपये डलवाने के लिए घर से निकला था। कह रहा था 100 रुपये उसके पास थे। इसके बाद वह नहीं लौटा। रविवार को परिवार वालों से साथ रवि का छोटे भाई अभिषेक ने बारादरी थाने में फोटो देखते ही लाश की पहचान कर ली। अज्ञात युवक की लाश मिलने पर वह थाने गया थे। इंस्पेक्टर मुहम्मद कासिम ने हत्या के मामले में आलमगीरी गंज के सर्राफ व्यापारी अनिल पाटिल के कार चालक से निमित गोयल से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक करीब नौ महीने पहले रवि का निमित से विवाद हुआ था, लेकिन बाद में कोतवाली पुलिस ने दोनों को बैठाकर मामला निपटा दिया था। इसके बाद दोनों में संबंध ठीक हो गए थे। उधर, रविवार को पुलिस ने चार साल पहले बाइक चोरी के आरोप में जेल भेजा था। इसके अलावा उसके खिलाफ और भी कई मामले दर्ज हैं। अब तक की छानबीन में पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला है। रवि की बहन प्रीति ने बताया कि उनके भाई की किसी से दुश्मनी नहीं थी। उसके दोस्तों ने एक मुकदमे में फंसा दिया था। पता नहीं किसने उसे मार डाला। पुलिस को घटना का खुलासा करके उसके भाई के कातिलों का पता लगाना चाहिए। सीओ धर्म सिंह मार्छाल ने बताया कि रवि भी आपराधिक प्रवृत्ति का युवक था। मोहल्ले में आम शोहरत सही नहीं है। चिरकुंडा गैंग से भी उसका नाता बताया जा रहा है। जिस सर्राफा व्यापारी के चालक से दुश्मनी के बारे में कहा जा रहा है। उससे नौ महीने पहले विवाद हुआ था। समझौता होने के बाद फिर कभी लड़ाई-झगड़ा नहीं हुआ। कई बिंदुओं पर हत्या की जांच की जा रही है। उम्मीद है कि जल्द ही घटना का खुलासा होगा।
चबूतरे पर मिली थी लाश
-शनिवार को बारादरी इलाके में नारी निकेतन के पास सीआई पार्क सुबह चबूतरे पर 28 वर्षीय रवि की लाश खून से लथपथ मिली थी। पास में ही उसकी चप्पलें और एक सौ के नोट के अलावा कुछ खुले पैसे भी पड़े थे और पास ही शराब की एक खाली छोटी शीशी पड़ी मिली। युवक के शरीर पर हल्के नीले कलर का पाजामा और गहरे नीले कलर की चेकदार ब्रांडेड शर्ट थी। उसके गले में पीले रंग के धातु की चेन भी पड़ी थी। इससे साफ हो गया कि हत्यारों ने युवक की हत्या लूट नहीं, बल्कि किसी रंजिश के चलते की है। कंट्रोल रूम की सूचना पर पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम मौके पर पहुंची थी। मौके से दो ईंट भी बरामद की गईं, जो खून से सनी थी और उनमें बाल भी लगे थे। इससे साफ हो गया कि युवक की इन्हीं ईंट से सिर कुचलकर हत्या की गई और उसका गला चाकू से रेता गया।
-जनवरी में मेरे चालक निमित गोयल से रवि का विवाद हो गया था। बाद में दोनों में समझौता हो गया। इसके बाद से कोई बात नहीं हुई। शिनाख्त होने के बाद बारादरी इंस्पेक्टर उनके पास आए थे। उन्होंने पुरानी घटना के बाद में जानकारी ली। घटना के दिन शहर में ही नहीं था। हर तरह से मैं और मेरा चालक जांच में पुलिस का सहयोग करने को तैयार हूं- अनिल पाटिल, सर्राफा